● सुरक्षाबल का एक जवान शहीद, एक घायल
● करीब 20 शव और हथियार बरामद, ऑपरेशन जारी
● नक्सलियों के बड़े लीडर्स को सुरक्षाबलों ने घेरा
नारायणपुर/एजेंसी। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने 27 नक्सलियों को ढेर कर दिया और कई अन्य के घायल हुये हैं। मुठभेड़ के दौरान एक जवान शहीद हो गया और एक अन्य घायल हो गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अबूझमाड़ क्षेत्र में सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। नारायणपुर जिले के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के माड़ डिवीजन में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) नारायणपुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, डीआरजी बीजापुर और डीआरजी कोंडागांव के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा सीमावर्ती इलाके में बड़ा ऑपरेशन जारी है। सुरक्षाबलों को प्राप्त जानकारी के आधार पर ऑपरेशन को अंजाम दिया गया है। इसमें जवानों को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। अब तक 26 नक्सली मारे जाने की सूचना मिली है। वहीं इस ऑपरेशन में रूपेश से भी बड़े कमांडर फंसे हुए हैं। ऑपरेशन अभी भी जारी है। इसके साथ ही गृहमंत्री ने यह भी जानकारी दी है कि मुठभेड़ में एक जवान शहीद और एक जवान घायल भी हुए हैं।
मुठभेड़ स्थल पर नक्सलियों के शीर्ष कमांडरों को भी सुरक्षाबलों ने घेर लिया है। इनमें नक्सली लीडर रुपेश और विकल्प के भी फंसे होने की जानकारी सामने आई है। इन दोनों पर सुरक्षा एजेंसियों को लंबे समय से नजर थी और अगर इनकी गिरफ्तारी या मुठभेड़ में मारे जाने की पुष्टि होती है तो यह नक्सल विरोधी अभियान में यह एक बड़ी कामयाबी होगी।
एक करोड़ का इनामी नक्सली भी हुआ ढेर
खबर मिल रही है कि इस मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी शीर्ष नक्सली बसव राजू भी मारा गया है। कई अन्य बड़े नक्सली नेताओं के भी मारे जाने की खबर है। मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। माड़ के दुर्गम इलाके में बुधवार सुबह से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण गोलीबारी जारी थी। इस अभियान को एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर अबूझमाड़ जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जहां उनका मजबूत गढ़ माना जाता है। इस सफलता से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
स्पीकर और सीएम ने जवानों को दी बधाई
नारायणपुर में चल रहे ऑपरेशन में मारे गए 26 नक्सलियों पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मैं इस बड़े ऑपरेशन के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस को उनकी सफलता के लिए बधाई देता हूं। इस ऑपरेशन में एक पुलिसकर्मी के घायल होने के अलावा किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। मैं केंद्रीय गृह मंत्री, मुख्यमंत्री और विजय शर्मा जी को भी बधाई देता हूं। सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सल मोर्चे पर लगातार कामयाबी मिल रही है। 27 से ज्यादा नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। इस सफल ऑपरेशन के लिये उन्होंने जवानों को बधाई दी है।