- भारत-पाक तनाव को देखते हुए बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल सतर्क
- केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल अलर्ट
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए बिहार, झारखंड और बंगाल हाई अलर्ट मोड में है। बिहार और पश्चिम बंगाल में एनटीपीसी संयंत्रों, तो झारखंड में बोकारो स्टील प्लांट की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। सूत्रों ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनटीपीसी के बिहार स्थित कहलगांव, बाढ़, नवीनगर, कांटी और बरौनी समेत पश्चिम बंगाल के फरक्का बिजली संयंत्रों की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को अलर्ट कर दिया गया है। सभी संयंत्र परिसर में जवानों द्वारा चौबीस घंटे गश्ती और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि उन बिजली संयंत्रों के सभी संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध लोगों और वस्तुओं पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही मुख्य कार्यस्थल, सीएचपी, बॉयलर एरिया, स्विच यार्ड, टरबाइन क्षेत्र में सुरक्षा बल के जवानो की ड्यूटी बढ़ा दी गई है। वहीं, संवेदनशील क्षेत्र में काम करने वाले दूसरे प्रदेशों के श्रमिकों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में सादे लिबास में जवान तैनात किए गए हैं। सूत्रों ने बताया कि बंगलादेश और नेपाल की सीमाओं से बिहार एवं पश्चिम बंगाल के नजदीक रहने के कारण सामरिक दृष्टिकोण से एनटीपीसी के इन छह बिजली संयंत्रों को अति संवेदनशील माना गया है। ऐसे में मौजूदा हालात के मद्देनजर केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।
वहीं, भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड ( से
ल) की इकाई बोकारो स्टील प्लांट की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। सूत्रों के अनुसार बोकारो स्टील प्लांट तथा उससे संबंधित कार्यालय में प्रवेश वैध गेट पास तथा उचित पहचान के बिना संभव नहीं है। विभाग के सभी मुख्य महाप्रबंधक तथा कार्यालय प्रमुख को हिदायत दी गई है। सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार ने झारखंड के बोकारो में स्थापित बोकारो स्टील प्लांट में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के द्वारा प्लांट के सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है। बोकारो स्टील प्लांट सुरक्षा को लेकर अत्यंत ही संवेदनशील इकाई के श्रेणी में आता है। प्लांट के मुख्य गेट से लेकर विभिन्न कार्यालयों की सुरक्षा-व्यवस्था की जिम्मेवारी पूरी तरह सीआईएसएफ के जिम्मे है, जो अब और सख्त कर दी गई है।